प्रयागराज में फिर मंडराया बाढ़ का खतरा

गंगा की रफ्तार धीमी, यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ा
प्रयागराज। संगम नगरी प्रयागराज में एक बार फिर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। गंगा और यमुना दोनों नदियों का जलस्तर बढ़ना शुरू हो गया है। हालांकि गंगा का जलस्तर धीमी गति से बढ़ रहा है, जबकि यमुना नदी का जलस्तर तेजी से ऊपर चढ़ रहा है। फिलहाल दोनों नदियां खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं, लेकिन यदि बारिश का सिलसिला तेज हुआ तो हालात बिगड़ सकते हैं।
जल विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में गंगा का जलस्तर मामूली रूप से बढ़ा है, जबकि यमुना नदी में पानी बढ़ने की रफ्तार कहीं अधिक दर्ज की गई है। यमुना का तेज़ बहाव निचले इलाकों के लिए खतरे का संकेत माना जा रहा है।

नगर प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं। निचले इलाकों में रह रहे लोगों से अपील की गई है कि वे सावधानी बरतें और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करने के लिए तैयार रहें।
बाढ़ खंड की टीमें लगातार गंगा और यमुना के जलस्तर की निगरानी कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल खतरे की कोई स्थिति नहीं है, लेकिन नदी के जलस्तर में हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए एहतियात बरता जा रहा है।



