EducationState NewsUttar Pradesh

राम मनोहर लोहिया संस्थान के स्थापना दिवस पर नई स्वास्थ्य सुविधाएँ शुरू

लखनऊ। राम मनोहर लोहिया इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RMLIMS) का 5वां स्थापना दिवस इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि रहे। उनके साथ उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री मयंकश्‍वर शरण सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

समारोह में घोषणा की गई कि उत्तर प्रदेश में पहली बार गामा नाइफ मशीन की सुविधा उपलब्ध होगी। यह मशीन मुख्य रूप से ब्रेन ट्यूमर और अन्य न्यूरोलॉजिकल बीमारियों के इलाज में प्रयोग की जाएगी। इसके लिए पांच करोड़ रुपये की लागत से बंकर बनाया जाएगा, जबकि मशीन स्वयं लगभग 48 करोड़ रुपये की होगी। इस तकनीक से बिना बड़े ऑपरेशन के मरीजों का इलाज आसान और सुरक्षित होगा।

संस्थान में 100 करोड़ रुपये की लागत से एडवांस न्यूरो साइंस सेंटर की स्थापना की गई है। इसमें कुल 200 बेड होंगे, जिनमें 100 न्यूरो सर्जरी के लिए और 100 न्यूरोलॉजी के लिए होंगे। 60 बेड विशेष रूप से आईसीयू के लिए आरक्षित किए गए हैं। यह केंद्र प्रदेश में न्यूरो साइंस के क्षेत्र में बड़ा हब साबित होगा।

लगभग 35 करोड़ रुपये की लागत से रोबोटिक सर्जिकल मशीन भी शुरू की गई है। इस तकनीक से जटिल ऑपरेशनों में अधिक सटीकता आएगी और मरीजों की रिकवरी जल्दी होगी।

संस्थान में हाल ही में 166 डॉक्टरों की भर्ती की गई है। इसके अलावा 652 नर्सिंग अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया भी लगभग पूरी हो चुकी है। इससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

इन घोषणाओं और सुविधाओं के साथ RMLIMS प्रदेश में उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।

Related Articles

Back to top button