GovernmentState NewsUttar Pradesh

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘शतक–संघ के 100 वर्ष’ फिल्म की सराहना की

आरएसएस की शताब्दी यात्रा पर आधारित फिल्म को बताया प्रेरणादायी पहल

लखनऊ, फरवरी 2026।

योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा पर आधारित फिल्म ‘शतक–संघ के 100 वर्ष’ की सराहना करते हुए इसे एक प्रेरणादायी एवं महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की फिल्में समाज को संगठन के इतिहास, उसके मूल विचारों तथा राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान से अवगत कराने का प्रभावी माध्यम बनती हैं।

मुख्यमंत्री ने लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर फिल्म निर्माता वीर कपूर से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर फिल्म के निर्माण, उसकी विषयवस्तु तथा संघ की शताब्दी यात्रा के विविध आयामों पर विस्तृत चर्चा हुई। मुलाकात के दौरान फिल्म का पोस्टर भी मुख्यमंत्री को भेंट किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज और राष्ट्र के विकास में विभिन्न संगठनों की भूमिका को जन-जन तक पहुँचाना आवश्यक है। उन्होंने ‘शतक’ फिल्म की पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए इसके सफल प्रदर्शन की कामना की।

फिल्म निर्माता वीर कपूर ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि यह फिल्म संघ की 100 वर्षों की वैचारिक पृष्ठभूमि, संगठनात्मक विकास तथा समाज सेवा के विविध कार्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करती है। उन्होंने बताया कि फिल्म का उद्देश्य नई पीढ़ी को संगठन की ऐतिहासिक यात्रा से परिचित कराना है।

मुख्यमंत्री ने इस मुलाकात से संबंधित तस्वीर अपने आधिकारिक सोशल मीडिया (एक्स) हैंडल पर भी साझा की। यह भेंट सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।

Related Articles

Back to top button