State NewsUttar Pradesh

पुलिस की कार्यशैली के खिलाफ फूटा गुस्सा, सड़कों पर उतरी भीम आर्मी; SSP से सख्त कार्रवाई की मांग

बरेली, 9 मार्च (सोमवार)। जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सोमवार को बड़ा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। भीम आर्मी भारत एकता मिशन के सैकड़ों कार्यकर्ता पुलिस पर भ्रष्टाचार, लापरवाही और गुंडागर्दी के आरोप लगाते हुए सड़कों पर उतर आए। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश महासचिव विकास बाबू के नेतृत्व में प्रदर्शन किया और बरेली वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न थानों में तैनात पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि जिले के कई थानों में दलित, पिछड़े और मुस्लिम समाज के लोगों के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है तथा उनकी शिकायतों पर समय से और उचित कानूनी कार्रवाई नहीं की जा रही है। संगठन का कहना है कि कई मामलों में पुलिस ने पीड़ितों की शिकायतों को नजरअंदाज किया है।

धरना-प्रदर्शन के दौरान मंडल अध्यक्ष सुशील कुमार गौतम और जिला अध्यक्ष महेंद्रपाल सागर ने पूरे जिले से जनता की शिकायतों को इकट्ठा कर प्रशासन के सामने रखा। संगठन का कहना है कि कई पीड़ित परिवार न्याय के लिए महीनों से भटक रहे हैं, लेकिन पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई नहीं की जा रही।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कुछ मामलों में शिकायत लेकर थाने पहुंचे लोगों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया और कई मामलों में पुलिस ने पीड़ितों को थाने में बैठाकर प्रताड़ित किया। संगठन द्वारा दिए गए ज्ञापन में कई घटनाओं का जिक्र करते हुए आरोप लगाया गया कि कुछ थानों में दलित परिवारों पर हुए हमले, जमीन कब्जे, चोरी और मारपीट जैसी घटनाओं में पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की।

संगठन के पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि कुछ मामलों में पीड़ित परिवारों को दबंगों के डर से गांव छोड़कर पलायन करना पड़ा, जबकि पुलिस की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसके अलावा एक नवविवाहित दलित युवती की मौत के मामले में भी जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई है।

संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके।

Related Articles

Back to top button