अदाणी डिफेन्स एंड एयरोस्पेस और लियोनार्डो मिलकर भारत में बनाएंगे हेलीकॉप्टर


नई दिल्ली, 3 फरवरी 2026।
भारत के रक्षा क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए अदाणी डिफेन्स एंड एयरोस्पेस ने डिफेन्स, एयरोस्पेस और सिक्योरिटी के क्षेत्र में विश्व की अग्रणी इटालियन कंपनी लियोनार्डो के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर करने की घोषणा की है। इस रणनीतिक साझेदारी के तहत भारत में एक पूरी तरह एकीकृत हेलिकॉप्टर मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम विकसित किया जाएगा।
यह साझेदारी भारत की बढ़ती सैन्य आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ देश को हेलिकॉप्टर निर्माण के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाएगी। विशेष रूप से लियोनार्डो के उन्नत एडब्ल्यू169एम और एडब्ल्यू109 ट्रेकरएम हेलिकॉप्टर भारतीय सशस्त्र बलों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इस सहयोग का प्रमुख हिस्सा होंगे।
इस समझौते के तहत चरणबद्ध तरीके से स्वदेशीकरण, मजबूत मेंटेनेंस-रिपेयर-ओवरहॉल (एमआरओ) सुविधाओं की स्थापना और पायलटों के लिए व्यापक प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी। लियोनार्डो की विश्वस्तरीय हेलिकॉप्टर डिजाइन और इंजीनियरिंग क्षमताओं को अदाणी डिफेन्स की रक्षा एवं एयरोस्पेस विशेषज्ञता के साथ जोड़कर यह पहल आत्मनिर्भर भारत के विज़न को और मजबूती प्रदान करेगी।
यह सहयोग न केवल राष्ट्रीय रक्षा तैयारियों को सुदृढ़ करेगा, बल्कि भविष्य में सिविल एविएशन और अंतरराष्ट्रीय सप्लाई चेन से जुड़ने की भी नई संभावनाएं खोलेगा। इसके साथ ही इंजीनियरिंग, मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स और मेंटेनेंस सेवाओं में हजारों उच्च-कौशल रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है, जिससे भारत को हेलिकॉप्टर निर्माण का एक प्रतिस्पर्धी वैश्विक केंद्र बनाने में मदद मिलेगी।
अदाणी डिफेन्स एंड एयरोस्पेस के डायरेक्टर जीत अदाणी ने कहा कि लियोनार्डो के साथ यह साझेदारी भारत में एक मजबूत और भविष्य के लिए तैयार हेलिकॉप्टर इकोसिस्टम विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि वैश्विक उत्कृष्टता और घरेलू औद्योगिक क्षमता को जोड़कर यह पहल दीर्घकालिक मूल्य सृजन, उच्च-कौशल रोजगार और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्यों को साकार करेगी।
वहीं अदाणी डिफेन्स एंड एयरोस्पेस के सीईओ आशीष राजवंशी ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा अगले एक दशक में 1,000 से अधिक हेलिकॉप्टरों की संभावित मांग को देखते हुए यह साझेदारी स्वदेशी निर्माण के विज़न को वास्तविकता में बदलने का कार्य करेगी। इससे स्वदेशीकरण की गति तेज होगी और सप्लाई चेन और अधिक मजबूत होंगी।
लियोनार्डो हेलिकॉप्टर्स के मैनेजिंग डायरेक्टर जियान पिएरो कुटिल्लो ने कहा कि अदाणी के साथ साझेदारी कर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। इसके माध्यम से वे भारत की रोटरक्राफ्ट इंडस्ट्री को सशक्त और विस्तारित बनाने के विज़न में योगदान देंगे तथा देश को आधुनिक तकनीक और संचालन क्षमता उपलब्ध कराएंगे।
अदाणी डिफेन्स एंड एयरोस्पेस और लियोनार्डो की यह रणनीतिक साझेदारी भारत के एयरोस्पेस परिदृश्य को नए सिरे से परिभाषित करेगी और देश को हेलिकॉप्टर मैन्युफैक्चरिंग व सस्टेनमेंट के लिए एक भरोसेमंद वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।





