विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने शुरु की नई परंपरा, सत्र के दौरान जन्मदिन पर सदन में दी जाएगी विधायक को बधाई

विधान सभा सत्र के दौरान जिन सदस्यों के जन्मदिन होंगे, उन्हें उस दिन सदन में बधाई दी जाएगी। सत्र के दौरान शनिवार या रविवार को सदस्य का जन्मदिन पड़ने पर उन्हें अगले दिन बधाई दी जाएगी।

विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने शुक्रवार को सदन में इस परंपरा को शुरू करने की घोषणा की तो सभी सदस्यों ने मेज थपथपाकर इसका स्वागत किया। महाना ने बताया कि मैं इस परंपरा की शुरुआत गुरुवार से ही करना चाहता था। गुरुवार को किसी सदस्य का जन्मदिन नहीं था लेकिन शुक्रवार को भोगांव के भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री का जन्मदिन है। उन्होंने अग्निहोत्री के दीर्घायु होने और यशस्वी जीवन की कामना की।
इस पर सभी सदस्यों ने एक बार फिर मेजें थपथपाकर अग्निहोत्री को बधाई दी। सभी सदस्यों ने विधान सभा अध्यक्ष को भी उनकी इस पहल के लिए साधुवाद दिया। भाजपा सदस्य मनीष असीजा ने कहा कि जन्मदिन है तो फिर केक या मिठाई का इंतजाम होना चाहिए। इस पर महाना ने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री ने आज सभी सदस्यों के लिए दोपहर के भोजन और शाम की चाय का प्रबंध किया है।
तब संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना ने उठकर अग्निहोत्री के साथ महाना को भी बधाई दी। उन्होंने सभी सदस्यों को दोपहर भोजन का निमंत्रण दिया। अग्निहोत्री ने भी उठकर सभी सदस्यों और विधान सभा अध्यक्ष के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि इस परंपरा की शुरुआत मेरे जन्मदिन से हुई।
अन्य खबरों के लिए हमसे फेसबुक पर जुड़ें। आप हमें ट्विटर पर फ़ॉलो कर सकते हैं. हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब कर सकते हैं।
किसी भी प्रकार के कवरेज के लिए संपर्क AdeventMedia: 9336666601